पशु चोरी गैंग का पर्दाफाश : शातिर गिरफ्तार
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । दौलतपुरा थाना पुलिस ने पशुधन चोरी करने वाली एक सक्रिय गैंग का पर्दाफाश करते हुए उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के एक शातिर आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में राजस्थान के विभिन्न जिलों में 15 से अधिक पशु चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि दौलतपुरा थाना पुलिस ने पशुधन चोरी करने वाली एक सक्रिय गैंग का पर्दाफाश करते हुए उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी दिलशाद (40) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने कानोता, बस्सी, टोंक, सवाई माधोपुर और दौसा सहित कई जगहों पर कुल 15 पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस फिलहाल आरोपी से उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है और चोरी किए गए पशुधन की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
थानाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि 4 जनवरी 2026 को परिवादी मुकेश कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 जनवरी 2026 की रात अज्ञात चोरों ने उसके घर के पीछे बंधी तीन भैंसे चोरी कर लीं। पुलिस ने इस संबंध में बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त (चौमू) उषा यादव के सुपरविजन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आस-पास के करीब 100 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 50 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की। इसके अलावा घटनास्थल से बीटीएस तकनीक के जरिए संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल का विश्लेषण किया गया। अनुसंधान में सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के दिलशाद की भूमिका सामने आई। पुलिस टीम ने भरतपुर और उत्तर प्रदेश में दबिश देकर आरोपित दिलशाद को गिरफ्तार किया।