आग से मचा हडक़ंप, दमकल ने पाया काबू
निसं
टमकोर (नवयत्न)। गांव में स्थित खुडली जोहड़े में अचानक आग लगने से आसपास के क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। जोहड़े में खड़े हरे पेड़-पौधों और सूखी घास के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें तेजी से फैलने लगी और पास में स्थित महाप्रज्ञ इंटरनेशनल स्कूल की ओर बढऩे लगीं। इससे ग्रामीणों और स्कूल प्रशासन में चिंता बढ़ गई। जानकारी के अनुसार खुडली जोहड़े में बड़ी मात्रा में पेड़-पौधे और घास मौजूद हैं। इसी क्षेत्र में अचानक आग की एक चिंगारी उठी, जिसने कुछ ही समय में भीषण रूप ले लिया। आग फैलती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। आग की लपटें स्कूल की तरफ बढऩे के कारण स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों और स्कूल प्रशासन ने तुरंत मलसीसर पुलिस थाने को सूचना दी। सूचना मिलने पर आग पर काबू पाने के लिए बिसाऊ से दमकल की गाड़ी रवाना की गई। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझाए जाने से स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिली।
पुलिस ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की सूचना मिलने पर मलसीसर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जानकारी जुटाने के लिए स्थिति का निरीक्षण किया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
खुडली जोहड़े में आग लगने और लपटों के स्कूल की ओर बढऩे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। सभी की नजर आग पर काबू पाने के प्रयासों पर बनी रही। आग की घटना ने क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया।