कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर क्षेत्रीय विधायक और कांग्रेस चूरू जिलाध्यक्ष मनोज मेघवाल, रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों के प्रतिनिधि मंडल ने बुधवार को जिला कलेक्टर अभिषेक सुराना से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। विधायकों ने जिला कलेक्टर को बताया कि सुजानगढ़ तहसील में हो रहे खातेदारी के सेटलमेंट में गलतियां हुई हैं। इनको सही करवाकर आपत्तियों का निस्तारण करवाया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके। साथ ही नगर परिषद की चरमराई हुई सफाई व्यवस्था के बारे में भी अवगत करवाया। सफाई टेंडर जल्दी खोलने व नालों की दुबारा सफाई करवाने की भी मांग रखी गई। शहर के दुलिया बास में बिछाई गई पाइपलाइन के मोटर के टेंडर दुबारा से करवाकर निकासी व्यवस्था सुचारू करने की भी मांग रखी गई। शहर की नगर परिषद के बाहर शहर की समस्याओं को लेकर चल रहे धरने के बारे में भी अवगत करवाया। विधायकों ने पानी की किल्लत को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई वार्डों में पानी नहीं पहुंच रहा है। यहां टैंकरों की व्यवस्था करवाई जाए। साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए गायों के लिए खेळों व गौशालाओं में पानी की व्यवस्था करवाने की भी बात कही। इस दौरान ओबीसी प्रदेश सचिव बजरंग सेन, ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप तोदी व विद्याधर बेनीवाल आदि कांग्रेस नेता मौजूद रहे।