क्रेन से 60 फुट पेड़ पर जाकर बचाई चील के बच्चे की जान
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । जीव दया की अनोखी मिशाल सुजानगढ़ में देखने को मिली है। स्थानीय गणेश मंदिर के पास स्थित जलदाय विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय के गेट पर स्थित सफेदे के पेड़ पर बुधवार दोपहर बाद एक चील का बच्चा धागों व कपड़ों में फंस जाने के कारण उल्टा लटक गया। करीब दो घंटे तक चील का बच्चा फंसा हुआ फड़फड़ाता रहा, जिसके बाद मामले की जानकारी बजरंगी गौ सेवा समिति के बबलू बजरंगी को दी गई। जिसके बाद मौके पर बबलू बजरंगी, अजय माली, सुभाष नाई पहुंचे। लेकिन चील का बच्चा सफेदे के पेड़ पर चढ़ने के बाद पहुंच में नहीं होने के कारण मौके पर बबलू बजरंगी ने क्रेन बुलवाई। उसके बाद क्रेन के डोले में सुभाष बिठाकर उपर की ओर ले जाया गया। करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद चील के बच्चे को निकाला गया, तो वहां से उड़कर स्टेडियम के बाहर नीम के पेड़ में फिर से फंस गया, जिसको अजय सुभाष व अन्य लोगों ने उतारकर उसके पैर में फंसे सारे धागे व कपड़े निकाले। इस कार्य में अनिल टेलर, नूर मोहम्मद खान आदि लोगों ने मददगार का काम किया। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। दूसरी ओर बबलू बजरंगी ने बताया कि कई घंटे उल्टा लटके रहने के कारण चील के बच्चे की एक टांग काफी क्षतिग्रस्त हो गई है।