एसडीएम ने किया विद्यालय का औचक निरीक्षण, शानदार व्यवस्था पर शिक्षकों का किया सम्मान

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । उपखंड अधिकारी राजेन्द्र कुमार ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय पूनरास का गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शानदार व्यवस्था, साफ सफाई और विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को देखकर उपखंड अधिकारी ने विद्यालय व शिक्षकों की बहुत ही सराहना की। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बबलेश शर्मा ने उपखंड अधिकारी को बताया कि विद्यालय में अनिल कसवां और वीरेंद्र सिंह दो ही अध्यापक हैं और सिर्फ दो का स्टाफ होने पर भी इन्होंने एक जज्बे के साथ खुद की मेहनत की कमाई से इस विद्यालय में शानदार रंग रोगन और हर कक्षा कक्ष में पेंटिंग करवा कर विद्यालय का जीर्णोद्धार करवाया है।
उपखंड अधिकारी ने सभी कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से शैक्षणिक जानकारियां ली और विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर से भी बहुत संतुष्ट नजर आए और ब्लॉक के दूसरे विद्यालयों को भी इन जैसे अध्यापकों से प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने बताया कि शिक्षक की मूल परिभाषा को इन दोनों शिक्षकों ने चरितार्थ की है। बाद में उपखण्ड अधिकारी ने दोनों शिक्षकों का माल्यार्पण कर सम्मान किया और अच्छा कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान पीईईओ देवाराम नैन भी साथ रहे।

You might also like