पेयजल संकट को लेकर वार्डवासियों का फूटा गुस्सा

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । जिले के रतनगढ़ क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच शहर के वार्डों में गहराते जल संकट ने आमजन को परेशान कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से सुचारू जलापूर्ति न होने से आक्रोशित वार्डवासियों ने आज गुरुवार को जलदाय विभाग कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन कर अधिकारियों का घेराव किया। मामले के अनुसार शहर के वार्ड नंबर 34 में पिछले तीन दोनों से पेयजल किल्लत बनी हुई है। इस समस्या से परेशान वार्ड 34 के लोग पूर्व पार्षद जयप्रकाश चोटिया के नेतृत्व में जलदाय विभाग के एक्सईएन कार्यालय पहुंचे तथा एक्सईएन के समक्ष अपना आक्रोश जताते हुए समस्या समाधान की मांग की। लोगों ने विभाग के उच्चाधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारियों को क्षेत्र में लगे ट्यूबवेलों की स्थिति तक का ज्ञान नहीं है। वार्डवासियों ने बताया कि कई ट्यूबवेल लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिन्हें ठीक करने की जहमत तक नहीं उठाई जा रही। पानी का प्रेशर इतना कम है कि नलों में बूँद-बूँद पानी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पानी के टैंकरों के वितरण में भी भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि टैंकरों की सप्लाई केवल रसूखदार और प्रभावशाली लोगों के घरों तक सीमित रह गई है, जबकि जरूरतमंद परिवार पानी के लिए दर-दर भटक रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभाग के अधिशाषी अभियंता ने वार्डवासियों को आश्वस्त किया कि बंद पड़े सभी ट्यूबवेलों को तुरंत प्रभाव से चालू करवाया जाएगा और शीघ्र ही समस्या का समाधान कर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।

You might also like