प्रतिभा सम्मान समारोह कल , 80 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों का होगा सम्मान
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । ललित दाधीच प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राजलदेसर युवा विकास समिति की ओर से प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन 11 मई, सोमवार को सायं 5 बजे श्री राजलदेसर गौशाला स्थित बाजोरिया सत्संग हॉल में किया जाएगा। कार्यक्रम के प्रायोजक मूलचंद दाऊलाल चौधरी भुजिया, बीकानेर रहेंगे। समिति अध्यक्ष मुकेश श्रीमाल ने बताया कि समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही समाजसेवी हुणतमल नाहर की ओर से सभी विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाले स्कूल बैग भी वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी पुष्पा देवी चिडालिया करेंगी, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी संदीप व्यास मौजूद रहेंगे। समारोह में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी हुणतमल नाहर, गणेश रेवाडिया, मदन बैद, पूनमचंद गर्ग एवं डॉ. हीरालाल सोनी उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में तहसीलदार हरदीप सिंह, थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार बारुपाल तथा दाऊलाल चौधरी शिरकत करेंगे। कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए समिति पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक शुक्रवार देर शाम आयोजित की गई, जिसमें समारोह की रूपरेखा तय करते हुए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में समिति संरक्षक पूनमचंद गर्ग, वीरेंद्र लाटा, ललित दाधीच, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट रोहित मारू, उपमंत्री शिव भगवान सोनी, पूर्व मंत्री मदन दाधीच, कोषाध्यक्ष सीताराम गर्ग, पवन प्रजापत, एडवोकेट जगदीश बलानिया, कन्हैयालाल शर्मा, पंडित बृजेश दाधीच, मधु श्रीमाल, अजीत सुथार, परमेश्वर फोगला सहित कई सदस्य मौजूद रहे।