छह माह से पेयजल संकट झेल रहा लाडपुर

प्रदीप कुमार सैनी
दांतारामगढ (नवयत्न) । निकटवर्ती ग्राम लाडपुर में पिछले करीब छह माह से पेयजल संकट बना हुआ है। ग्रामीणों को पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव में जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी, दो ट्यूबवेल, पाइपलाइन तथा घर-घर कनेक्शन तो दिए गए, लेकिन प्रशासन और ग्राम पंचायत की अनदेखी के चलते योजना का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लाखों रुपये की लागत से बनी पानी की टंकी वर्तमान में शोपीस बनकर रह गई है। गांव में नियमित जलापूर्ति नहीं होने से लोगों को निजी टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार एक टैंकर पानी के लिए उन्हें 500 से 800 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए पंचायत स्तर से लेकर जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री तक को कई बार पत्र लिखकर अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। जलदाय विभाग को भी कई बार शिकायत दी गई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द जलापूर्ति व्यवस्था सुचारू करवाने तथा जल जीवन मिशन योजना को प्रभावी रूप से शुरू करने की मांग की है, ताकि गांववासियों को पेयजल संकट से राहत मिल सके।

You might also like