हनुमान वाटिका में मूर्ति स्थापना, उमड़ा जनसैलाब
संजय सोनी
झुंझुनू (नवयत्न) । गोपाल नगर सीतसर स्थित स्थानीय हनुमान वाटिका मंदिर परिसर में शिव परिवार एवं हनुमान जी की मूर्ति स्थापना का भव्य धार्मिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में रंग गया।
मूर्ति स्थापना कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल वेदोक्त मंत्रोच्चार एवं विशेष अभिषेक के साथ हुई। विद्वान पंडित केशर देव शर्मा के सानिध्य में मुख्य यजमानों द्वारा भगवान शिव, माता पार्वती, कार्तिकेय और श्री गणेश सहित शिव परिवार तथा राम भक्त हनुमान जी की प्रतिमाओं की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा की गई।
इस दौरान प्रतिमाओं का जलाधिवास, अन्नाधिवास एवं पुष्पाधिवास जैसे वैदिक अनुष्ठान संपन्न कर भव्य शृंगार किया गया। मंदिर परिसर में विशेष यज्ञ का आयोजन भी हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर धर्म लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत कलश यात्रा निकाली गई तथा अनुष्ठान की पूर्णाहुति पर भव्य महाआरती की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन की पूर्व संध्या पर रात्रि जागरण का भी आयोजन किया गया, जिसमें भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर ‘जय श्री राम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा। इस अवसर पर कॉलोनी के सभी निवासी एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।