ट्रस्ट व बिड़ला परिवार को गोशाला से जोड़ने हेतु बागेश्वर धाम की पदयात्रा शुरू
निसं
बुगाला (नवयत्न) । पं गणेश नारायण सुरभि गोशाला को मुंबई ट्रस्ट व देश के प्रमुख उद्योगपति एवं समाजसेवी बिड़ला परिवार से जोड़ने के उद्देश्य से गौभक्तों ने बागेश्वर धाम के लिए पदयात्रा शुरू की। पदयात्रा रवाना होने से पहले गोशाला परिसर स्थित दो जांटी बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना की गई।गोशाला अध्यक्ष हीरानन्द बुगालिया ने बताया कि बागेश्वर धाम में बड़ी संख्या में देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। वहां बिड़ला परिवार सहित कई बड़े उद्योगपतियों और दानदाताओं का भी आगमन होता रहता है। इसी उद्देश्य को लेकर गौभक्त विजयपाल सिंह व रवि शर्मा पदयात्रा पर निकले हैं ताकि बुगाला गोशाला की सेवा गतिविधियों की जानकारी देशभर के समाजसेवियों तक पहुंचाई जा सके और गोशाला को सहयोग मिल सके।पदयात्रा में शामिल गौभक्तों ने कहा कि यह गोशाला लगातार निराश्रित गौवंश की सेवा कर रही है।गौसेवा के साथ पशुओं के चारे-पानी, चिकित्सा और अन्य व्यवस्थाओं पर लगातार कार्य किया जा रहा है। अब इसको और अधिक सशक्त बनाने तथा स्थायी सहयोग जुटाने के लिए यह विशेष प्रयास किया जा रहा है। यात्रा के दौरान गौभक्त रास्ते में विभिन्न स्थानों पर लोगों को गौसेवा के लिए प्रेरित भी करेंगे। पदयात्रा को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह दिखाई दिया। रवाना होने से पहले ग्रामीणों और गोभक्तों ने यात्रियों को शुभकामनाएं दीं।गोशाला पदाधिकारियों ने बताया कि पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य सनातन संस्कृति व गौसेवा का संदेश जन-जन तक पहुंचाना और गोशाला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस यात्रा से गोशाला को नए सहयोगी मिलेंगे और गौसेवा कार्यों को और गति मिलेगी।