राष्ट्रीय NRP दिवस पर राजकीय बी.डी.के. अस्पताल में बेसिक NRP प्रशिक्षण आयोजित
जयशंकर जांगिड़
झुंझुनू (नवयत्न) । राष्ट्रीय NRP दिवस के अवसर पर आज राजकीय बी.डी.के. अस्पताल, झुंझुनूं में इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (IAP) के First Golden Minute Project के अंतर्गत Basic Neonatal Resuscitation Program (NRP) का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ पीएमओ एवं वरिष्ठ शिशू रोग विशेषज्ञ डा जितेन्द्र भाम्बू ने किया।
कार्यक्रम के दौरान 30 स्वास्थ्यकर्मियों, जिनमें रेजिडेंट डॉक्टर, नर्सिंग ऑफिसर एवं कंसल्टेंट्स शामिल रहे, को नवजात शिशु पुनर्जीवन (Neonatal Resuscitation) का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य जन्म के तुरंत बाद नवजात शिशुओं को आपातकालीन स्थिति में जीवन रक्षक सहायता उपलब्ध कराने की दक्षता विकसित करना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन डॉ. विजय झाझड़िया एवं डॉ. रविकांत सांखला द्वारा किया गया।
पीएमओ एवं वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डा जितेंद्र भाम्बू ने प्रतिभागियों को नवजात शिशु की प्रारंभिक देखभाल, श्वसन सहायता तथा “गोल्डन मिनट” में किए जाने वाले महत्वपूर्ण जीवन रक्षक कदमों का व्यावहारिक प्रशिक्षण के बारे में बताया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि जन्म के तुरंत बाद का पहला मिनट नवजात शिशु के जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। सही समय पर उचित उपचार और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी नवजात मृत्यु दर को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरे देश में IAP एवं NNF के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें देशभर के 35 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में 1077 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित हुए तथा 24 हजार से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य हेतु सभी स्वास्थ्यकर्मियों ने समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।