ग्राहक बनकर आया बदमाश और ज्वैलरी शॉप से सवा तीन लाख का सोना लेकर हुआ फरार

डी. के. सैनी

जयपुर (नवयत्न)। झोटवाड़ा थाना इलाके में लता सर्किल स्थित एक ज्वैलरी शॉप पर दिनदहाड़े चोरी की वारदात से व्यापारियों में दहशत फैल गई। ग्राहक बनकर आए एक शातिर युवक ने दुकानदार को बातों में उलझाकर करीब 3.25 लाख रुपए कीमत का पक्का सोना चोरी कर लिया और फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

पुलिस के अनुसार गणपति ज्वैलर्स के संचालक शंकर सोनी ने बताया कि 10 मई को दोपहर करीब 1:38 बजे एक युवक दुकान पर आया और पहले चांदी का ताबीज खरीदा। इसके बाद उसने सोने का भाव पूछते हुए 100 मिलीग्राम पक्का सोना दिखाने की बात कही। दुकानदार जब उसे सोना दिखा रहा था, तभी आरोपी ने कान की बालियां देखने की मांग की। दुकानदार के नीचे झुकते ही आरोपी ने हाथ की सफाई दिखाते हुए पक्के सोने से भरी डिब्बी गायब कर दी। बताया जा रहा है कि डिब्बी में करीब 20 ग्राम वजन के 4 से 5 सोने के टुकड़े रखे थे, जिनकी कीमत लगभग सवा तीन लाख रुपए है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज में आरोपी की गतिविधियां स्पष्ट नजर आई हैं, जिसके आधार पर उसकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने बाजारों में बढ़ती चोरी की वारदातों पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

You might also like