थडिय़ों व रेहडिय़ों पर सब्जी बेचने वालों पर छाए संकट के बादल
राजलदेसर,(कुंदन दाधीच)11 मई। कस्बे में स्थाई सब्जीमंडी न होने से थडिय़ों व रेहडिय़ों पर सब्जी बेचने वालो पर संकट के बादल छा गए हैं। हुआ यूं कि सुभाष चौक पर अधिकांश सब्जी विक्रेता थडिय़ां व रेहडिय़ां लगाकर सब्जी बेचकर अपना परिवार का भरण पोषण कर रहे है। कार्यपालक मजिस्ट्रेट एवं नायब तहसीलदार सुभाष कुल्हरी ने लोकडाउन के तहत जिला कलक्टर द्वारा जारी गाइडलाइन की पालना में सोशल डिस्टेंस के प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए चौक पर थड़ी व रेहड़ी लगाने पर रोक लगा दी। सिर्फ सब्जी की पक्की पांच दुकानों पर ही सब्जी की बिक्री करने के आदेश जारी कर रेहड़ी संचालकों को कस्बे में मौहल्ले वाइज घूमकर सब्जी विक्रय करने के निर्देश दिए। कस्बे में सिर्फ पांच दुकानों पर ही सब्जी बिकने से ग्राहकों की भीड़ ने सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ा दी। यही स्थिति रोटेशन के आधार पर खोली जा रही परचून व अन्य दुकानों पर ग्राहकों की देखी गई। कुल्हरी ने बताया कि नगरपालिका अध्यक्ष गोपाल मारू के माध्यम से पालिका द्वारा थडिय़ां व रेहडिय़ों पर सब्जी बेचने वालो की 21 जनों की सूची तैयार करवाई गई। उन्हें कस्बे के मध्य लाल भवन स्कूल के पास रेहडिय़ां लगाकर सब्जी बेचने के लिए स्थान निर्धारित किया परन्तु सब्जी विक्रेताओं ने निर्धारित स्थान पर दुकाने लगाने के लिए मना कर दिया। उन्होंने कहा कि लाल भवन के पास गैनाणी होने से सब्जी बेचना उनके लिए संभव नहीं है। रेहडिय़ों पर सब्जी विक्रय करने वाले ख्यालीराम, नन्दलाल, गुलाब, शौकत, संजय आदि ने नायब तहसीलदार कुल्हरी से पक्की दुकान के आगे फुटपाथ पर सब्जी बेच रहे दुकनदारों से फुटपाथ खाली करवाने की मांग की। इन सब्जी विक्रेताओं ने कस्बे में घूम-घूम कर भी सब्जी बेचने से मना कर दिया। दोनों के बीच उत्पन्न विवाद इन दोनों के बीच जी का जंजाल बन गया। इस सबंध में कार्यपालक मजिस्ट्रेट सुभाष कुल्हरी का कहना है कि जिला कलक्टर के द्वारा जारी गाइडलाइन के तहत सोशल डिस्टेंस की पालना में व्यवस्था की है ।