नगरपरिषद का सोफा बन गया चर्चा में आम
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । सुजानगढ़ की शोसल मीडिया पर एक सोफे को लेकर तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गरम है। दरअसल सुजानगढ़ नगरपरिषद कार्यालय से एक सोफे को एक दिन पहले ही टेंपो में रखकर कहीं पर ले जाया जा रहा था। जिसके बाद नया बास पहुंचने पर आॅटो वापस मुड़कर नगरपरिषद कार्यालय में ही आ गया और सोफे को फिर से 17 मिनट में ही यथास्थान विराजमान कर दिया गया। बाद में पता चला कि कोई व्यक्ति पीछे से विडियो बना रहा था, जिसके कारण सोफा अपने गंतव्य स्थान तक नहीं पहुंच पाया। फेसबुक पर भाजपा के कुछ लोग इस वाकये को लेकर तरह-तरह की चर्चाओं को गरम कर रहे हैं। दूसरी ओर मामले मंे अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि सोफा कहां जा रहा था और उसे अपने गंतव्य तक क्यों नहीं ले जाया जा सका। क्या सच में किसी विडियो का डर होने के कारण सोफे को वापस नगरपरिषद लाया गया। फिलहाल यह सब तो तब साफ होगा, जब नगरपरिषद के आयुक्त और प्रशासक महोदय मामले की जांच करवायेंगे। लेकिन सोचने वाली बात ये है कि अगर इस प्रकार से नगरपरिषद की सम्पति आॅटो में बैठकर बाहर जाने लगी, तो फाईलों को तो इधर-उधर यात्रा करते में ज्यादा वक्त भी नहीं लगता। खैर ये सब तो जांच जाने और जांच का काम। लेकिन हैरानी की बात ये है कि इस सोफे का 17 मिनट का भ्रमण शहर में और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।