दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, पानी की डिग्गी में डूबने से दो युवकों की दर्दनाक मौत

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न) । दीपावली के त्योहार के बीच सलुंडीया गांव में एक हृदयविदारक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। धनतेरस के दिन गांव की रोही में स्थित एक नलकूप पर बनी पानी की डिग्गी में डूबने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय कालूराम मेघवाल गांव की रोही में स्थित नलकूप पर बनी पानी की डिग्गी के पास था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह डिग्गी में गिर गया और डूबने लगा। कालूराम को डूबता देखकर वहां मौजूद दूसरा युवक सुभाष मेघवाल उसे बचाने के लिए पानी की डिग्गी में उतर गया। लेकिन दुर्भाग्यवश वह भी पानी में डूब गया। इस हादसे में दोनों युवकों की जान चली गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने दोनों युवकों को बाहर निकालकर नोखा जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों के शव मोर्चरी में रखवाए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। नोखा सीआई गोविंद सिंह चारण ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सलुंडीया गांव की रोही में नलकूप की पानी की डिग्गी में डूबने से दो युवकों की मौत हुई है। दोनों मृतक आपस में रिश्तेदार थे।
धनतेरस जैसे शुभ अवसर पर एक साथ दो युवकों की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया। जिस घर-परिवार में दीपावली की तैयारियां चल रही थीं, वहां इस दुखद घटना से खुशियां मातम में बदल गईं। गांव में हर आंख नम नजर आई।

You might also like