सड़क किनारे खुले में बिक रहे पटाखों पर एसडीएम की कार्रवाई, दुकानदारों से पटाखे जब्त
कृष्ण कुमार गांधी
सूरजगढ़ (नवयत्न)। दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने खुले में पटाखे बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। उपखंड अधिकारी संदीप चौधरी ने मंडी रोड और अनाज मंडी में सड़क किनारे नियमों के विरुद्ध पटाखे बेच रहे दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए पटाखे जब्त किए। एसडीएम ने बताया कि दीपावली पर पटाखों की बिक्री के लिए प्रशासन की ओर से चाणक्यपुरी का स्थान निर्धारित किया गया है। इसके बावजूद कुछ व्यापारी नियमों की अनदेखी कर सड़क किनारे खुले में पटाखे बेच रहे हैं। इससे हादसे की आशंका बनी रहती है। इसी को देखते हुए दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने थानाधिकारी और नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आगामी दो दिनों तक खुले में पटाखे बेचने वालों पर लगातार निगरानी रखी जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।