किशोर से मारपीट के विरोध विप्र फाउंडेशन का प्रदर्शन, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न) । हनुमानगढ़ जिले के भादरा कस्बे में 16 वर्षीय किशोर रजत शर्मा के साथ हुई कथित मारपीट की घटना को लेकर नोखा में विप्र फाउंडेशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने रोष जताया। बुधवार को संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पीड़ित किशोर को न्याय दिलाने तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि 8 मई को भादरा क्षेत्र के मलसीसर बस स्टैंड पर बस किराए को लेकर हुए विवाद के दौरान परिचालक और उसके साथियों द्वारा रजत शर्मा के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। घटना में गंभीर रूप से घायल रजत शर्मा का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
विप्र फाउंडेशन ने राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि मामले में शामिल दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोर से कठोर सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। संगठन ने पीड़ित किशोर के इलाज का संपूर्ण खर्च सरकार द्वारा वहन करने, परिवार को आर्थिक सहायता देने तथा सुरक्षा उपलब्ध करवाने की भी मांग रखी।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों और परिवहन व्यवस्था में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो संगठन आगे भी आंदोलन करेगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में विप्र फाउंडेशन नोखा संरक्षक भंवरलाल सुरावत, तहसील अध्यक्ष हीरालाल सारस्वत, बजरंग तावनिया, नारायण पंचारिया, माणक पंचारिया,पुखराज सांखी, अशोक पंचारिया , सागरमल गौड ,lदीनदयाल उपाध्याय,मदनलाल जोशी ,पवन गौड, सुरजाराम पंचारिया, मनोज पंचारिया, सुखदेव, मदन ओझा,अजय सहित कई सदस्य मौजूद रहे।