नशे की लत पूरी करने के लिए मजदूरों से मोबाइल छीनने वाला आरोपी गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न)। सांगानेर सदर थाना पुलिस ने सीतापुरा रीको क्षेत्र में मजदूर से मोबाइल छीनने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटा गया ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए मोबाइल छीनकर उन्हें बेचता था। पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि सांगानेर सदर थाना पुलिस ने सीतापुरा रीको क्षेत्र में मजदूर से मोबाइल छीनने के मामले में आरोपी दिलीप महावर निवासी लालसोट जिला दौसा और मालपुरा गेट जयपुर को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में मोबाइल छीनने की वारदात स्वीकार की। उसने बताया कि नशे की सामग्री खरीदने के लिए मोबाइल छीनकर बेचता था। पुलिस ने उसके कब्जे से परिवादी का मोबाइल बरामद कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल के संबंध में पूछताछ की जा रही है। सांगानेर सदर थानाधिकारी कमलेश कुमार शर्मा ने बताया कि परिवादी प्रदीप मीणा पुत्र दयाराम मीणा निवासी आंवला की ढाणी, श्रीराम की नांगल और हाल कर्मचारी सीतापुरा स्थित दुर्जा ज्वैलर ने 7 सितंबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

परिवादी ने बताया कि वह शाम करीब आठ बजे कंपनी से छुट्टी होने के बाद घर जा रहा था। गैस प्लांट के पीछे और ज्वैलरी जोन के पीछे वाले सर्किल के पास उसने पिता से बात करने के लिए मोबाइल निकाला। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आए एक युवक ने उसका ओप्पो मोबाइल छीन लिया और फरार हो गया। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ाई और मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके आधार पर संदिग्ध दिलीप महावर को पकड़ लिया गया।

You might also like