बारिश से मौसम हुआ सुहावना, भीषण गर्मी से मिली राहत
प्रदीप कुमार सैनी
दांतारामगढ़ (नवयत्न) । इलाके के दांता, रामगढ़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। शाम करीब 6 बजे शुरू हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया तथा लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। कस्बे में तेज बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में तेज गर्मी और उमस के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा था, लेकिन बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के बाद मौसम खुशनुमा हो गया और लोगों ने राहत महसूस की। बारिश के दौरान दुपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज बारिश से बचने के लिए कई वाहन चालकों को रास्ते में अपने वाहन रोकने पड़े। वहीं कस्बे सहित आसपास के गांवों में भी अच्छी बारिश होने की सूचना मिली है। समाचार लिखे जाने तक क्षेत्र में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा।