जन सुनवाई में लोगों ने दिया धरना, रास्ता खुलवाने की थी मांग

अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । पंचायत समिति स्थित वीसी रूम में उपखंड स्तरीय जन सुनवाई का आयोजन किया गया। एडीएम संतोष कुमार के सानिध्य में आयोजित जन सुनवाई में उपखंड अधिकारी ओमप्रकाश वर्मा ने लोगों के परिवाद सुने और समस्याओं के समाधान किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिये गये। जन सुनवाई में जाट हॉस्टल के सामने की गली में जलभराव की समस्या का समाधान करने की मांग दिलीप चौधरी के नेतृत्व में की गई। वहीं रास्ता खुलवाये जाने की मांग को लेकर कुछ लोग जन सुनवाई में धरने पर बैठ गए। कोडासर बिदावतान से छोटूराम आदि कुछ ग्रामीण आये हुए थे, उन्होंने एसडीएम ओम प्रकाश वर्मा से कहा कि पिछले महीने 9 अप्रैल की इसी जन सुनवाई में हमने आपको परिवाद दिये थे। खेत व घर आने जाने का निर्बाध रास्ता नहीं मिलने के कारण हम बहुत ही परेशान हैं, तो एसडीएम ने कहा कि नये रास्ते के लिए मेरे कोर्ट में वाद दायर करो, पुराना रास्ता तहसीलदार खुलवायेंगे और वो छुट्टी पर हैं तो आप बाद में आना। परिवादी छोटू राम ने कहा कि हमारा रास्ता उड़ा दिया गया सेटेलाइट वालों द्वारा। हमारे पास पावर नहीं है, इसलिए रास्ता नहीं मिल रहा है, तो एसडीएम बोले नहीं, पावर तो सबके पास समान ही है तो छोटू लाल ने गाँव की जमीनी हकीकत बताई। भगवानाराम ने कहा कि सारा रास्ता मेरे खेत से काट दिया, मेरा खैत 3 बीघा कम हो गया। रास्ता नियम अनुसार कटे और मेरी घाटा पूर्ति तो हो। परिवादी तहसीलदार की कार्यवाही व एसडीएम के जवाब से संतुष्ट नहीं हुए और छोटूराम, करणी सिंह, भगवानाराम, विजयपाल श्योराण, बजरंग सिंह आदि जन सुनवाई स्थल पर ही धरने पर बैठ गए और कहा कि हमारे परिवादों का कुछ तो समाधान करो। इसके बाद एसडीएम ओम प्रकाश वर्मा ने पटवारी से बात की। फिर समझाईश की कि आपका मामला कलेक्टर साब की टेबल पर है। तहसीलदार आ जाएं तो आप उनसे मिल लेना। आपके परिवादों के समाधान के लिए मैं गंभीर हूँ। विजयपाल श्योराण ने बताया कि अवैध शराब ठेके बन्द करने, पंचायत समिति के अंदर रक्खे कचरा पात्रों की नियमित सफाई हेतु पाबन्द करने, आगे बरसात के समय भारी जल भराव से बचाव करने सभी गेनाणी व तलाई नीचे तल तक साफ, खाली करने व जनसुनवाई में ना आने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही करने की मांग की।
दूसरी ओर अरविंद सामरिया ने जल समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपे। इस दौरान अरविंद सामरिया ने कहा कि 15 दिनों से पानी की सप्लाई हो रही है। क्योंकि जलदाय विभाग के पास पानी की स्टोरेज ही नहीं है। इस पर उपखंड अधिकारी ने कहा कि आपको पता है क्या नहर बंदी चल रही है और पानी दस दिनों से आ रहा है। जिस पर अरविंद ने कहा कि जब जलदाय विभाग के पास 10 दिनों का स्टोरेजे पानी रखने की व्यवस्था नहीं है, तो आम जनता के पास कैसे होगा। जिस पर उपखंड अधिकारी ने कहा कि इसके लिए तो आपको विधायक बनना पड़ेगा। ताकि आप बड़े-बड़े स्टोरेज के लिए बजट स्वीकृत करवा सको। क्योंकि ये तो सरकार के स्तर का काम है, मेरे स्तर का काम ही मैं कर सकता है। इस पर अरविंद ने जवाब से असंतुष्टि जाहिर की। जिस पर एसडीएम ने फिर कहा कि आपको विधायक बनना पड़ेगा। इसी प्रकार जलाशयों की सफाई को लेकर भी समस्या से अवगत करवाया गया। बडाबर गांव से आये परिवार ने अपनी जमीन को कुछ लोगों के चंगुल से मुक्त करवाये जाने की मांग की है। इसी प्रकार जन सुनवाई में अनेक प्रकरण आये, जिनके समाधान के लिए सम्बंधितों को कहा गया। जन सुनवाई के दौरान डीटीओ बजरंगलाल, इंस्पेक्टर राजेश स्वामी, समाज कल्याण अधिकारी बाबूलाल, जिला उद्योग अधिकारी फिरोज भाटी, बिजली एक्सईएन अनिल बरबड़, नगरपरिषद से एटीपी उदयसिंह सहित अनेक विभागों से अधिकारीगण मौजूद रहे।

You might also like