नगर पालिका में रिकॉर्ड तोड़ भ्रष्टाचार, सरकार को करोड़ों का नुकसान

ललित दाधीच

राजलदेसर (नवयत्न ) । रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा ने शुक्रवार को राजलदेसर राजकीय चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विधायक चिकित्सालय पहुँचे । निरीक्षण के दौरान अस्पताल में दवाइयों की कमी, साफ-सफाई व्यवस्था और स्टाफ की अनियमितताओं को लेकर विधायक ने नाराजगी जताई तथा अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। विधायक गोदारा ने रोगी भर्ती वार्ड, ओपीडी कक्ष, निशुल्क दवा केंद्र एवं लैबोरेट्री का निरीक्षण किया। मरीजों को पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को फटकार लगाते हुए आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय परिसर के पीछे टूटी हुई दीवार की समस्या सामने आने पर विधायक ने कहा कि बारिश से पूर्व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दीवार का निर्माण उनके विधायक कोटे से करवाया जाएगा। साथ ही प्रभारी डॉ कपिल धाबाई को समय पर अस्पताल पहुंचने व आपातकालीन के समय चिकित्सको की व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए । विधायक ने बीकानेर के ज्वाइंट डायरेक्टर से दूरभाष पर वार्ता कर चिकित्सा व्यवस्थाओं में सुधार तथा डेपुटेशन पर भेजे गए चिकित्सा कर्मियों को पुनः राजलदेसर में लगाने की मांग भी रखी। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी विधायक ने चिकित्सा प्रभारी डॉ. कपिल धाबाई को तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद विधायक पूसाराम गोदारा ने राजलदेसर नगर पालिका पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले ढाई वर्षों में नगर पालिका में इतिहास का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रेवल सड़क, नाली निर्माण एवं विभिन्न विकास कार्यों में भारी अनियमितताएं हुई हैं, जिससे सरकार को करोड़ों रुपए का नुकसान पहुंचा है। विधायक ने दूरभाष पर अधिशासी अधिकारी सहदेव चारण को निर्देश देते हुए कहा कि संदिग्ध कार्यों के किसी भी भुगतान को तुरंत रोका जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भ्रष्टाचारपूर्ण कार्यों का भुगतान किया गया तो पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। विधायक गोदारा ने कहा कि इस मामले को लेकर वे हाल ही में जयपुर स्थित डीएलबी अधिकारियों से भी मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में राजलदेसर नगर पालिका के खिलाफ बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा। वहीं अधिशासी अधिकारी सहदेव चारण का कहना है कि राजलदेसर में भ्रष्टाचार को लेकर मेरे पास विधायक पूसाराम गोदारा का फोन आया था ग्रेवल सड़कों में भ्रष्टाचार को लेकर मेरे को अवगत करवाया गया जिसके लिए मैंने कहा मेरे कार्यकाल के अंदर ग्रेवल सड़कों का किसी भी प्रकार का कोई भुगतान नहीं हुआ है साथ अगर सड़कों में घटिया निर्माण कार्य हुआ तो निश्चित ही संबंधित फर्म के ठेकेदार का पेमेंट रोका जाएगा एवं कठोर कार्यवाही की जाएगी । इस दौरान नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जब्बार खोकर, पूर्व नेता प्रतिपक्ष मोहनलाल मेघवाल, पार्षद नबी बख्श, इदरीश खत्री, भुवनेश टांडी, दौलतराम जाट , भीम आर्मी अध्यक्ष श्रवण बारुपाल , मेघवाल महासभा के अध्यक्ष कालूराम तंवर सहित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You might also like