अष्टविनायक धाम में गूंजा गणेश चालीसा
निसं
मुकुंदगढ़ (नवयत्न)। डूंडलोद रोड स्थित अष्टविनायक धाम में गणेश महोत्सव को लेकर धार्मिक माहौल बना हुआ है। दो दिवसीय आयोजन के तहत शनिवार को मंदिर परिसर में संगीतमय गणेश चालीसा पाठ हुआ। मुकुंदगढ़ सहित आसपास के क्षेत्र से पहुंचे श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से चालीसा का पाठ किया और आरती में शामिल होकर गणेशजी के दर्शन किए। गणेश महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूल मालाओं से सजाया गया। शाम होते ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। संगीतमय पाठ के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल रहा। मंदिर ट्रस्टी अन्नू अनिल अग्रवाल ने अष्टविनायकों की पूजा-अर्चना की। पाठ वाचक पंडित रामगोपाल शर्मा एवं मंडली ने श्रद्धालुओं के साथ गणेश चालीसा का सामूहिक वाचन कराया। मंदिर पुजारी रामजी शर्मा एवं शम्भूदयाल शर्मा के आचार्यत्व में आरती हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में दीपिका लुहारुका, एडवोकेट अश्वनी महर्षि, उम्मेद खाजपुरिया, अनिल जसरपुरिया, सीए जितेंद्र कुमार, घनश्याम मिश्रा, सत्यनारायण खेतान, प्रद्युम्न शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
मुकुंदगढ़ के साथ नवलगढ़ से भी पहुंचेंगे श्रद्धालु
महोत्सव का स्थानीय आकर्षण सोमवार को होने वाली निशान पदयात्रा रहेगी। नवलगढ़ और मुकुंदगढ़ से श्रद्धालु पदयात्रा के रूप में अष्टविनायक धाम पहुंचेंगे और गणेशजी को निशान चढ़ाएंगे। इसके साथ ही धाम परिसर में मेले का आयोजन भी होगा, जिससे क्षेत्र के श्रद्धालुओं की भागीदारी और बढ़ने की उम्मीद है।