अस्पताल के एंट्री गेट पर हैं 4 गड्ढ़े बने परेशानी का सबब
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । स्थानीय राजकीय बगड़िया अस्पताल में प्रवेश के लिए काफी सुंदर द्वार बनाया गया है। लेकिन इस गेट के पास ही खुले नाले के गड्ढ़े आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। जानकारी के अनुसार एक नहीं, दो नहीं, पूरे चार गड्ढ़ों से लोगों को हॉस्पीटल में घुसते वक्त रूबरू होना पड़ता है। जिसके कारण अस्पताल में आने वाले बाईक सवार इन गड्ढ़ों की चपेट में आकर गिरते हैं। खासकर रात के वक्त बड़ी परेशानी होती है। रात के दस बजे के बाद कोई यहां पर गिर जाए, तो कोई जल्दी से उठाने वाला नहीं मिले। कई बार कारें भी इन गड्ढ़ों में फंस जाती हैं, जिसके कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सांड चौक निवासी शिव पारीक ने बताया कि हाल ही में अपने रिश्तेदार के साथ अस्पताल से बाहर आ रहा था, तभी इन गड्ढ़ों में कार का टायर फंस गया, जो वहां पर मौजूद लोगों की सहायता से बाहर निकाली गई। लेकिन अगर कोई देर रात के वक्त में इन गड्ढ़ो में फंस जाये, तो काफी दिक्कत होती है। वहीं पास के ही व्यापारी मनोज प्रजापत ने नगरपरिषद प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का समाधान किए जाने की मांग की है, ताकि जनता को राहत मिल सके।