विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़े समाजसेवी दानमल भोजक का निधन
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । द यंग्स क्लब ऑफ सुजानगढ़ के संस्थापक अध्यक्ष और ठरड़ा धाम शिवालय से जुड़े समाजसेवी दानमल भोजक का शुक्रवार शाम को जयपुर के एक निजी चिकित्सालय में हृदयाघात से निधन हो गया। वे वहां श्वास सम्बन्धित रोग के निदान हेतु कुछ समय से भर्ती थे। दानमल शर्मा की पार्थिव देह जयपुर से सुजानगढ़ उनके निज आवास आस्था पर लाई गई और वहां से शवयात्रा के बाद नाथो तालाब मुक्ति धाम में उनका दाह संस्कार हुआ। उनके पुत्र देवेंद्र, योगेन्द्र और धर्मेश ने उनको मुखाग्नि दी। बारह दिसम्बर उन्नीस सौ पैंतालीस को जन्में दानमल शर्मा ने अपने पिता डूंगरमल शर्मा की तरह प्रलेख लेखक के रूप में अपने केरियर की शुरुआत की। विद्यार्थीकाल से ही उन्हें सामाजिक कार्यों में रूचि थी, जिसके चलते वे अनेक संस्थाओं से जुड़े रहे। उन्होंने आज से पांच दशक पूर्व द यंग्स क्लब ऑफ सुजानगढ़ की स्थापना की और उसके संस्थापक अध्यक्ष रहे। यंग्स क्लब के लिए जमीन आवंटन और विशाल भवन के निर्माण सहित संस्था की प्रत्येक सामाजिक गतिविधियों में उनका सम्पूर्ण योगदान रहता था। वे एक कुशल वक्ता और अप्रतिम सलाहकार थे। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गये हैं। उनके अंतिम संस्कार में शाकदीपिय ब्राह्मण समाज के लोगों सहित अनेकानेक सामाजिक, राजनैतिक, व्यापारिक और धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मरूदेश संस्थान के अध्यक्ष डॉ. घनश्याम नाथ कच्छावा ने दानमल भोजक के निधन को इस क्षेत्र के लिए एक अपूर्णिय क्षति बताया।