पर्यवेक्षक धर्म सिंह मीणा ने करवाई 100 प्रतिशत स्व-गणना, जिला कलेक्टर ने किया सम्मानित
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । क्षेत्र के जनगणना पर्यवेक्षक धर्म सिंह मीणा ने अपनी उत्कृष्ट कार्यकुशलता और कुशल नेतृत्व की बदौलत पूरे चूरू जिले में एक अनूठा कीर्तिमान स्थापित किया है। जनगणना 2027 के प्रथम चरण में (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) के तहत उन्होंने अपने क्षेत्र के प्रगणकों और आमजन को प्रेरित कर पूरे सर्किल में 100 प्रतिशत स्व-गणना कार्य सफलतापूर्वक संपन्न करवाया है। पूरे चूरू जिले में मीणा एकमात्र ऐसे पर्यवेक्षक हैं, जिन्होंने यह शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। इस असाधारण और अनुकरणीय उपलब्धि के लिए चूरू जिला कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अभिषेक सुराणा द्वारा उन्हें विशेष प्रशंसा-पत्र सौंपकर सम्मानित किया गया और उनके कार्य की जमकर सराहना की गई। मीणा ने बताया कि आवंटित हाउस लिस्टिंग ब्लॉक संख्या 263, 264, 265, 266, 267 और 268 के अंतर्गत आने वाले परिवारों को उन्होंने अपने सहयोगी प्रगणक घनश्याम खिलेरी, विकास कुमार, लिखमाराम मेघवाल, मोहित कुमार सैनी, रूघाराम और सांवरमल प्रजापत के सहयोग से स्व-गणना के प्रति लोगों को जागरूक किया। उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से प्रभावित होकर क्षेत्र के सभी परिवारों ने समय-सीमा समाप्त होने से पहले ही अपनी शत-प्रतिशत स्व-गणना का कार्य पूरा कर लिया। जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने प्रशंसा-पत्र में मीणा की कर्तव्यनिष्ठा और कड़ी मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्य जनगणना के प्रति उनकी गहरी निष्ठा और कर्मठता को प्रदर्शित करता है। उन्होंने जनगणना कार्य से जुड़े अन्य समस्त अधिकारियों और कार्मिकों के उत्साहवर्धन हेतु एक बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया है।