सेन प्रीमियर लीग सीजन-2 का उद्घाटन
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न) । नोखा विधानसभा क्षेत्र के रोडा गांव स्थित एसडी क्रिकेट स्टेडियम में नोखा सेन प्रीमियर लीग (NSPL) सीजन-2 का उद्घाटन किया गया। पूर्व राज्यमंत्री महेंद्र गहलोत ने मुख्य अतिथि के तौर पर फीता काटकर और विधिवत रूप से इस प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
खेल को टीम भावना विकसित करने का माध्यम बताया
इस अवसर पर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और युवाओं को संबोधित करते हुए महेंद्र गहलोत ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, समर्पण, संघर्ष और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से सदैव खेल भावना, अनुशासन और आपसी सम्मान के साथ खेलने का आह्वान किया।
होनहार खिलाड़ियों को मिलेगा मंच
गहलोत ने अपने संबोधन में आगे कहा कि ग्रामीण और क्षेत्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली ऐसी प्रतियोगिताएँ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यही खिलाड़ी भविष्य में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर नोखा क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
सामाजिक बुराईयों से दूर रहने की अपील
पूर्व राज्यमंत्री ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और खेल, शिक्षा एवं सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने जोर दिया कि खेल ही युवा शक्ति को सही दिशा देकर एक स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण का आधार बनते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मैदान में खिलाड़ियों और युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, युवा और क्षेत्रवासी उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते नजर आए।
आयोजन समिति द्वारा पूर्व राज्यमंत्री महेंद्र गहलोत का साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला देहात कांग्रेस ओबीसी अध्यक्ष ओम प्रकाश सैन, पूर्व नोखा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मूलाराम मेघवाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता केदार महाराज, कांग्रेस नेता चेतन सियाग, पूर्व पार्षद बिरजू भाटी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुंदर लाल सूरपुरा, सुरेंद्र जोशी, मंडल अध्यक्ष राकेश जैन, मंडल अध्यक्ष गोरी शंकर सोलंकी, सैन समाज अध्यक्ष भवानी शंकर गोड़, सीताराम बिश्नोई, हिमांशु सैन, मुकेश जिला गौड़, तरुण गहलोत, मुनालाल गौड़, श्रवण गहलोत, सुभाष गहलोत, क्षौरकार्य समिति अध्यक्ष जगदीश सोलंकी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।