दवा विक्रेता कल बंद रखेंगे दुकानें
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न) । नोखा केमिस्ट एसोसिएशन ने ऑनलाइन दवा बिक्री और कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा दिए जा रहे डिस्काउंट के विरोध में उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने घोषणा की है कि 20 मई, बुधवार को देशभर के दवा विक्रेताओं के साथ नोखा के सभी मेडिकल स्टोर और दवा विक्रेता भी अपनी दुकानें बंद रखेंगे। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल रोक लगाना शामिल है। इसके अतिरिक्त, बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा डिस्काउंट देकर छोटे व्यापारियों को हो रहे नुकसान पर नियंत्रण और नकली तथा बिना मानक वाली दवाइयों की बिक्री पर सख्त रोक लगाने की भी मांग की गई है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि दवा व्यवसाय केवल व्यापार नहीं, बल्कि जनसेवा से जुड़ा एक क्षेत्र है। इसलिए, सरकार को इस क्षेत्र की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान राजेंद्र प्रसाद पुरोहित, ओमप्रकाश राठी, कैलाश ओझा, पुरुषोत्तम तापड़िया, किशोरीलाल दमानी, घनश्याम छिम्पा, ओमप्रकाश चौधरी, कन्हैयालाल तापड़िया और मनीष छिम्पा सहित कई दवा विक्रेता उपस्थित थे।