पेट्रोल-डीजल संकट के संकेत : कई पंपों पर सप्लाई प्रभावित
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच अब राजधानी जयपुर में ईंधन की कमी के संकेत भी दिखाई देने लगे हैं। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर डीजल और सामान्य पेट्रोल की सप्लाई प्रभावित होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गोपालपुरा बाईपास स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर डीजल का स्टॉक पूरी तरह समाप्त हो गया है। पंप पर ‘डीजल स्टॉक खत्म’ का पोस्टर लगाया गया है।
पंप सुपरवाइजर वीर सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से डीजल की सप्लाई लगातार कम हो रही है, जिसके चलते डीजल की बिक्री अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ी है। उन्होंने बताया कि पंप पर सीमित मात्रा में पेट्रोल बचा है और मशीनों को तकनीकी नुकसान से बचाने के लिए बिक्री नियंत्रित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि तेल कंपनियों की ओर से पेट्रोल और डीजल की बिक्री पर भी सीमा तय की गई है। पेट्रोल की बिक्री 5 हजार रुपए और डीजल की बिक्री 50 हजार रुपए तक सीमित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं रिद्धि-सिद्धि चौराहे स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर सामान्य पेट्रोल की कमी के कारण केवल प्रीमियम पेट्रोल ही उपलब्ध कराया जा रहा है। पंप संचालकों का कहना है कि सामान्य पेट्रोल की सप्लाई बेहद कम हो गई है तथा कंपनियों की ओर से प्रीमियम पेट्रोल की बिक्री बढ़ाने का दबाव भी बनाया जा रहा है।
राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के महासचिव शशांक कोरानी ने बताया कि प्रदेशभर में पेट्रोल पंप संचालकों के हालात लगातार चुनौतीपूर्ण होते जा रहे हैं। एक ओर सप्लाई कम हो रही है वहीं दूसरी ओर मांग लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि जयपुर के गोपालपुरा, मानसरोवर, कालवाड़ रोड, अजमेर रोड और आगरा रोड क्षेत्र के कई पेट्रोल पंप जल्द ड्राई होने की स्थिति में पहुंच सकते हैं।
उन्होंने सरकार और तेल कंपनियों से नियमित एवं पर्याप्त ईंधन सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द स्थिति नहीं सुधरी तो आमजन की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।