वाल्मिकी समाज की समस्याओं का समाधान करने की मांग

अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । वाल्मिकी समाज की कुछ महिलाओं ने उपखंड अधिकारी के नाम नायब तहसीलदार असलम खान को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया है कि सुजानगढ़ शहर का वाल्मीकि सफाई कर्मचारी वर्ग लंबे समय से अनेक समस्याओं से परेशान है। विशेष रूप से वाल्मीकि बस्ती स्थित गंदी तलाई में जलभराव की समस्या के कारण गरीब परिवार आयंत कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे हैं। इस समस्या के समाधान हेतु पूर्व में कई बार निवेदन किया जा चुका है। पिछली बारिश में वाल्मीकि बस्ती के आस पास स्थित अनेक मकान काफी क्षतिग्रस्त हुए और मजबूरन स्वयं के मकानों को छोड़कर अन्य जगह जाना पड़ा। ज्ञापन में मांग की गई है कि तलाई के गंदे पानी की निकासी हेतु 12 इंच की बड़ी पाइपलाइन एवं 60 एचपी का पम्प लगवाया जावे। साथ ही सेवानिवृत्त सफाई कर्मचारियों को जीपीएफ, पीएफ ग्रेच्युटी एवं अन्य बकाया भुगतान शीघ्र दिलवाए जाने, सफाई कर्मचारियों को 9, 18, 27 ग्रेड लाभ प्रदान किए जाने, सफाई कर्मचारियों को समय पर वर्दी, सिलेंडर, तनख्वाह एवं आवश्यक सुरक्षा सामग्री उपलब्ध करवाई जाए। इसी प्रकार सफाई कर्मचारियों को नियमानुसार पदोन्नति प्रदान किए जाने, अस्थायी सफाई ठेकाकर्मी ट्रेक्टर ड्राईवर व लेबर की तनख्वाह 15000रू. व महिला अस्थायी सफाई कर्मी की तनख्वाह 12000रू. दिलवाए जाने, अस्थायी सफाई कर्मी को सरकारी नियमानुसार पीएफ राशि दिलवाए जाने की मांगे की गई हैं। ज्ञापन सौंपते वक्त चंदा देवी, रचना, संतोष, रीना, नितू, संजू, अंजू, राजू आदि मौजूद रहीं।

You might also like