नगर परिषद झुंझुनू देगी राशि, घर- घर पहुंच रही टीम

संजय सोनी 

झुंझुनू (नवयत्न)। स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के तहत शहर को स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर स्थान दिलाने के उद्देश्य से नगरपरिषद झुंझुनू और WeVois की टीम द्वारा “सिटीजन फीडबैक” अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत टीम घर-घर जाकर नागरिकों से स्वच्छता संबंधी सुझाव और फीडबैक एकत्र कर रही है, साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर भी सक्रिय रूप से पहुंच बनाई जा रही है।

नगरपरिषद आयुक्त देवीलाल बोचल्या ने बताया कि एसबीएम एमआईएस इंजीनियर मुकेश पालीवाल एवं WeVois के IEC एक्सपर्ट कपिल गुप्ता के मार्गदर्शन में टीम शहर के प्रमुख स्थानों जैसे राजकीय एवं निजी अस्पताल, स्कूल-कॉलेज, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मुख्य बाजार सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जाकर नागरिकों से फीडबैक फॉर्म भरवा रही है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में नागरिकों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है और फीडबैक प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। नागरिक Google पर “Swachh Survekshan Urban Citizen Feedback” सर्च कर आसानी से अपनी राय दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद OTP के माध्यम से फीडबैक सबमिट किया जा सकता है।

नगरपरिषद द्वारा नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए “स्वच्छता चैंपियन” योजना भी शुरू की गई है। इसके तहत जो नागरिक अधिक से अधिक लोगों का फीडबैक दर्ज करवाएंगे, उन्हें सम्मानित किया जाएगा तथा विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

नगरपरिषद प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि जब भी टीम उनके पास पहुंचे, तो सहयोग करें और अपना फीडबैक अवश्य दें। आपका एक फीडबैक झुंझुनू को देश के सबसे स्वच्छ शहरों की सूची में शामिल कराने में अहम भूमिका निभा सकता है।किसी भी जानकारी या समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर 9251594117 पर संपर्क किया जा सकता है।

You might also like