6 दिनों तक बैंक सेवाएं रह सकती है प्रभावित

 

निसं 

नई दिल्ली (नवयत्न)। देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के ग्राहकों के लिए आगामी सप्ताह परेशानी भरा हो सकता है। 23 मई से 28 मई 2026 के बीच बैंकिंग सेवाएं लगातार प्रभावित रहने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे शाखाओं से जुड़े अपने सभी जरूरी कार्य 22 मई तक ही निपटा लें।

दरअसल, इस दौरान वीकेंड की छुट्टियां, बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल और बकरीद (ईद-उल-अजहा) के अवकाश एक साथ पड़ रहे हैं, जिससे कई दिनों तक शाखाओं में कामकाज बाधित रह सकता है। हालांकि, डिजिटल बैंकिंग सेवाएं जैसे इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहने की संभावना है।

जानकारी के अनुसार 23 मई को महीने का चौथा शनिवार होने के कारण देशभर के बैंकों में अवकाश रहेगा, जबकि 24 मई को रविवार की छुट्टी होगी। इसके बाद ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन ने विभिन्न मांगों को लेकर 25 और 26 मई को दो दिवसीय हड़ताल का प्रस्ताव दिया है। यदि हड़ताल होती है तो बैंक शाखाओं में नकद जमा, निकासी, चेक क्लियरेंस और अन्य शाखा संबंधी कार्य प्रभावित हो सकते हैं।

इसके अलावा 27 और 28 मई को बकरीद के अवसर पर विभिन्न राज्यों में बैंक अवकाश घोषित किए जाने की संभावना है। अधिकांश राज्यों में 27 मई को अवकाश रहेगा, जबकि कुछ स्थानों पर 28 मई को भी बैंक बंद रह सकते हैं। ऐसे में लगातार छह दिनों तक बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

बैंकिंग विशेषज्ञों का कहना है कि ग्राहकों को नकदी निकासी, चेक जमा, डीडी, पासबुक अपडेट और अन्य जरूरी कार्य समय रहते पूरे कर लेने चाहिए। खासकर व्यापारियों और वेतनभोगी कर्मचारियों को भुगतान और लेनदेन संबंधी कार्य पहले ही निपटाने की सलाह दी गई है।

SBI की ओर से ग्राहकों को डिजिटल माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग करने की सलाह दी गई है, ताकि शाखाओं में भीड़ कम हो और ग्राहकों को असुविधा का सामना न करना पड़े।

You might also like