घटिया सड़क निर्माण पर कॉलोनीवासियों का हंगामा, सीधी मिट्टी पर डाली जा रही थी निर्माण सामग्री

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । कस्बे के वार्ड 10 सोनी कॉलोनी के लोगों ने ठेकेदार पर लगाए आरोप, लगाए हैं वार्ड नंबर 10 स्थित सोनी कॉलोनी में पशु चिकित्सालय के पिक्चर और पंच्यावाली फाटक क्षेत्र में नगर पालिका द्वारा करवाए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में घटिया सामग्री उपयोग करने का आरोप लगाते हुए कॉलोनीवासियों ने विरोध जताया। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मापदंडों की अनदेखी की जा रही है तथा सीधी मिट्टी पर ही निर्माण सामग्री डाली जा रही थी।
कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में सीमेंट की मात्रा कम रखी जा रही है और निम्न स्तर की ईंट व अन्य सामग्री काम में ली जा रही है। सड़क की मोटाई भी मानकों के अनुरूप नहीं होने की बात कही गई। विरोध के बाद स्थानीय लोगों ने नगर पालिका ईओ एवं जेईएन को फोन पर सूचना दी, जिसके बाद निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि तीन महीने से बंद पड़ा कार्य शनिवार और रविवार की छुट्टी के दिन दोबारा शुरू किया गया। लोगों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार मनमर्जी से काम कर रहा है और शिकायत करने पर भी सुधार नहीं किया जा रहा। मामले की लिखित शिकायत जिला कलेक्टर को सौंपने की तैयारी की गई है।इस दौरान विजेंद्र जोशी, महेंद्र, हंसराज, महावीर प्रसाद, कृष्ण अवतार तिवारी, प्रदीप चौधरी, नवल किशोर सोनी सहित वार्ड के अनेक लोग मौजूद रहे।

You might also like