मां भगवती के 20वें पाटोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । शहर के झोटवाड़ा रोड स्थित चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर परिसर में नवदुर्गा शक्तिपीठ फाउंडेशन की ओर से मां भगवती का 20वां पाटोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। नवदुर्गा शक्तिपीठ के सद्गुरु जय जी महाराज के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में सुबह से देर रात तक धार्मिक अनुष्ठानों और भजन संध्या का दौर चलता रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत मां भगवती के पंचामृत, फल एवं सुगंधित द्रव्यों से अभिषेक के साथ हुई। इसके बाद माता को नवीन पोशाक धारण कराकर सुहाग सामग्री अर्पित की गई। मंदिर परिसर में आकर्षक फूल बंगला झांकी सजाई गई तथा शीतलता प्रदान करने वाले व्यंजनों का भोग लगाया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से कन्या पूजन कर उपहार भेंट किए।
इस अवसर पर दुर्गा सप्तशती पाठ एवं हवन का आयोजन भी हुआ। संत-महंतों के सानिध्य में मां भगवती की महाआरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शाम को वैष्णो माता का दिव्य दरबार सजाकर भव्य भजन संध्या आयोजित की गई। भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। माता के विभिन्न स्वरूपों की आकर्षक झांकियों का मंचन भी किया गया, जिसे भक्तों ने खूब सराहा।
आयोजन में काले हनुमान मंदिर के पं. योगेश शर्मा, सरस निकुंज के महंत अलबेली माधुरी शरण महाराज, प्रवीण बड़े भैया, गोविंद देवजी मंदिर के मानस गोस्वामी, स्वामी सुदर्शनाचार्य महाराज, कथावाचक राजेश्वर महाराज, पंडित राजकुमार चतुर्वेदी, सर्व ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा, श्री आदि गौड़ मूर्ति कला संस्था जयपुर के अध्यक्ष पंडित सत्यनारायण पांडे, श्री श्याम सेवा पदयात्रा समिति के अध्यक्ष पंडित नारायण माडोलिया, केदार अग्निहोत्री सहित कई संत-महंत एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
नवदुर्गा शक्तिपीठ फाउंडेशन के पदाधिकारी सुभाष शर्मा, शिवम शर्मा और अर्जुन शर्मा सहित कार्यकारिणी सदस्यों ने संत-महंतों का सम्मान किया। कार्यक्रम के अंत में हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत प्रसादी ग्रहण की।

You might also like