एआई और हनी ट्रैप के जरिए बिजनेसमैन से 90 लाख की ब्लैकमेलिंग
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। राजधानी जयपुर में एक बिजनेसमैन को हनीट्रैप में फंसाकर करोड़ों की ब्लैकमेलिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महेश नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित युवती को जोधपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपित युवती पर बिजनेसमैन को झूठे प्रेमजाल और एआई तकनीक से तैयार किए गए आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर 90 लाख रुपए ऐंठने का आरोप है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों और संभावित गिरोह की जांच में जुटी है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज के निर्देशन में महेश नगर थाना पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
थानाधिकारी सुरेश यादव ने बताया कि गिरफ्तार युवती जोधपुर निवासी है, जिसे उसके घर पर दबिश देकर हिरासत में लिया गया और जयपुर लाकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।
पीड़ित 42 वर्षीय बिजनेसमैन ने जुलाई 2025 में महेश नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि वर्ष 2017 में आरोपित युवती उसकी कंपनी में समर इंटर्न के रूप में जुड़ी थी। बाद में उसने सोशल मीडिया के जरिए संपर्क बढ़ाया और फिर उसकी पत्नी से दोस्ती कर घर में आना-जाना शुरू कर दिया। आरोप है कि इसके बाद युवती ने बिजनेसमैन को प्रेमजाल में फंसाकर अलग-अलग तरीकों से 90 लाख रुपए वसूल लिए।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपित युवती की नजर उसके एआई प्रोजेक्ट पर थी। इसी प्रोजेक्ट पर कब्जा करने के लिए उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का इस्तेमाल करते हुए आपत्तिजनक फोटो और डीपफेक वीडियो तैयार किए। इन फोटो-वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने और झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर रकम वसूली गई।
रिपोर्ट के अनुसार 90 लाख रुपए लेने के बाद भी आरोपित युवती और उसके साथियों ने 50 लाख रुपए की अतिरिक्त मांग शुरू कर दी। रुपए नहीं देने पर बदनाम करने और रेप केस में फंसाने की धमकी दी गई। इससे परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली।
पुलिस के अनुसार यह एक संगठित ब्लैकमेलिंग गिरोह हो सकता है, जिसमें कई अन्य लोग भी शामिल हैं। पुलिस अब आरोपित युवती से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य संभावित वारदातों की जानकारी जुटा रही है।
साथ ही पुलिस इस मामले में एआई तकनीक और डीपफेक सामग्री के इस्तेमाल की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अन्य लोगों को भी इसी तरह ब्लैकमेल किया है या नहीं।