ईद-उल-अजहा पर खुदा की बारगाह में झुके सैकड़ों सिर, अमन-चैन और भाईचारे की मांगी दुआएं
प्रदीप कुमार
दांतारामगढ़ (नवयत्न) । क्षेत्र में ईद-उल-अजहा का पर्व धार्मिक श्रद्धा, उत्साह और आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया। दांता स्थित ईदगाह में मुस्लिम समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की। नमाज के दौरान प्रदेश में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे की दुआ मांगी गई।
नमाज अदा करने के बाद मुस्लिम भाइयों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। वहीं हिंदू समाज के लोगों ने भी ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम समाज के लोगों को ईद की शुभकामनाएं देकर सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल पेश की।
ईद के अवसर पर दांता सहित रामगढ़, खाचरियावास, पचार, मंढ़ा सुरेरा और डांसरोली की मस्जिदों में भी ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने देश और प्रदेश की खुशहाली तथा शांति के लिए दुआएं मांगी।
पूरे क्षेत्र में ईद पर्व को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा लोगों ने प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया।