वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया श्रमदान, लगाए परिंडे
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । वंदे गंगा: जल संरक्षण जन अभियान’ के अंतर्गत शनिवार को तारानगर के बालाजी मंदिर स्थित जोहड़ पर श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के जिला समन्वयक एवं भाजपा नेता राकेश जांगिड़ की उपस्थिति में भाजपा कार्यकर्ताओं, नगरपालिका कर्मचारियों व लोगों ने जोहड़ परिसर में सफाई कर श्रमदान किया एवं
गर्मी में प्यासे पक्षियों को राहत देने के लिए जोहड़ परिसर में जगह-जगह मिट्टी के परिंडे लगाए गए। भाजपा नेता राकेश जांगिड़ व नगर अध्यक्ष अनूप खंडेलवाल ने जोहड़ में सफाई कर एवं परिंडों में पानी भरकर अभियान की शुरुआत की। जांगिड़ ने उपस्थित सभी लोगों को ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ की शपथ दिलाई और जल बचाने का संकल्प करवाया। उपस्थित लोगों ने झाड़ू लगाकर जोहड़ परिसर की सफाई की और कचरा हटाया।
जिला समन्वयक राकेश जांगिड़ ने अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि वंदे गंगा अभियान का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक जल स्रोतों को पुनर्जीवित करना, वर्षा जल संचय को बढ़ावा देना और आमजन को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। भाजपा नगर अध्यक्ष एडवोकेट अनूप खंडेलवाल ने कहा कि पक्का जोहड़ कस्बे की धरोहर है। जल स्रोतों का संरक्षण एवं स्वच्छता बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। हमें आने वाली पीढ़ी के लिए पानी बचाना होगा। इस मौके पर जमरदीन तेली, हरि इंदौरिया, मोहम्मद तैयब, कैलाश चाचान, वीर बहादुर सिंह राठौड़, राकेश टाक, अशोक जांगिड़, चुन्नीलाल सैनी, विजय सोनी, विनोद ठेकेदार, जमादार लक्ष्मण, सम्पत, नोरतमल, महेन्द्र, जाकिर, सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी अभियान में मौजूद रहे।