भाजपा नेता राकेश जांगिड़ ने की जनसुनवाई
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । भाजपा नेता राकेश जांगिड़ ने शनिवार को अपने तारानगर स्थित आवास पर जनसुनवाई की। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र के मिठडी, लीलकी, पंडरेऊ, बुचावास, रामपुरा, गाजूवास, सेऊवा, भाड़ंग, करणपूरा सहित तारानगर शहर से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनसुनवाई में ग्रामीणों ने बिजली कटौती, पेयजल संकट, सड़क व नाली निर्माण सहित व्यक्तिगत प्रकरणों को लेकर जांगिड़ को अवगत करवाया। कई लोगों ने पेंशन, पट्टे और सरकारी योजनाओं से जुड़ी अड़चनों की भी जानकारी दी। जांगिड़ ने एक-एक व्यक्ति से मुलाकात कर समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को फोन कर समाधान के निर्देश दिए। आगंतुकों को आश्वस्त करते हुए भाजपा नेता राकेश जांगिड़ ने कहा कि जनता की हर समस्या का समाधान करना हमारी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर सरकार गंभीर है। जिन समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव है, उन्हें तुरंत निपटाया जाएगा और बड़ी योजनाओं के प्रस्ताव सरकार को भिजवाए जाएंगे। जनसुनवाई में सुबह से ही लोगों की कतार लगी रही। दूर-दराज के गांवों से आए ग्रामीणों ने बताया कि जांगिड़ से मुलाकात के बाद उन्हें समाधान की उम्मीद जगी है। जांगिड़ ने कहा कि जनसुनवाई कर जनता से सीधे जुड़ेंगे ताकि अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाएं पहुंच सकें।