धोखाधड़ी के शिकार हुए लोगों ने पुलिस थाने में की शिकायत

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । विदेश भेजने के नाम पर शेखावाटी अंचल के करीब पांच दर्जन से अधिक लोग धोखाधड़ी के शिकार हो गए। एजेंट ने इन लोगों से करीब दो करोड़ रुपए ले लिए। अब ये लोग अपने रुपए वापिस दिलाने के लिए नेताओं एवं पुलिस थाना के चक्कर लगा रहे हैं। क्षेत्र के निवासी विनोद कुमार, रघुनाथपुरा निवासी गौरीशंकर ऐचरा एवं सरदारशहर निवासी मोहम्मद सलीम सहित कई लोगों ने बताया कि शहर के उम्मेद खान एवं राकेश कुमार ने इनसे विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपए लिए। विदेश भेजते समय एजेंट द्वारा जो काम इन्हें बताया गया था, न तो वह काम मिला और न वेतन मिला। टूरिस्ट वीजा देकर इन लोगों को विदेश भेज दिया गया, जिसके बदले लाखों रुपए भी ले लिए। एजेंट को कुछ राशि ऑनलाइन, तो कुछ राशि नकद के रूप में दी गई है। विदेश में फंसने के बाद इन लोगों ने परिजनों से टिकट के रूपए मंगवाकर पुनः स्वदेश लौटे तथा एजेंट पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए दिए गए रुपए मांगे, जिस पर एजेंट द्वारा कुछ लोगों को चैक दिए गए हैं, तो कुछ लोगों को शीघ्र ही रुपए लौटाने का आश्वासन दिया गया है। अब ये लोग न तो घर पर मिलते हैं और न ही ऑफिस में। परेशान होकर धोखाधड़ी के शिकार हुए लोगों ने पूर्व विधायक अभिनेश महर्षि से भी गुहार लगाई है तथा पुलिस में भी लिखित शिकायत दी है।

You might also like