अंधेरा होने के कारण वाहनों की थमी रफ्तार

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । जनपद में आज शनिवार दोपहर मौसम ने अचानक ऐसी करवट ली कि दिन में ही अंधेरा छा गया। तेज धूल भरी आंधी और धूल के विशाल बवंडरों ने पूरे आसमान को ढक लिया, जिससे कुछ देर के लिए हालात रात जैसे नजर आने लगे। दोपहर करीब दो बजे उठी तेज आंधी के कारण दृश्यता काफी कम हो गई। सड़कों पर चल रहे वाहनों की रफ्तार थम गई और वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। अचानक बदले मौसम के कारण बाजारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग धूल और तेज हवाओं से बचने के लिए दुकानों और सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। आंधी के दौरान कई स्थानों पर पेड़-पौधों और बिजली लाइनों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। भीषण गर्मी से जूझ रहे क्षेत्र के लोगों को मौसम परिवर्तन से राहत तो मिली, लेकिन धूल भरी आंधी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया।

You might also like