पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों का तहसील कार्यालय पर प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । राजलदेसर कस्बे के निकटवर्ती ग्राम पंचायत बिनादेसर में पिछले दो वर्षों से जारी पेयजल संकट को लेकर सोमवार को ग्रामीणों और किसानों का आक्रोश खुलकर सामने आया। लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में एक वर्ष पूर्व पेयजल टंकी का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन आज तक उसमें पानी की सप्लाई शुरू नहीं की गई है। इसके चलते गांव के लोगों को भीषण गर्मी में पेयजल के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार उच्च अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रदर्शन के दौरान कामरेड भादर भामू ने कहा कि गर्मी के इस मौसम में आमजन पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जबकि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि समस्या के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पांच दिनों के भीतर पेयजल समस्या का समाधान नहीं किया गया और नई टंकी से जलापूर्ति शुरू नहीं हुई, तो ग्रामीण उपखंड कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि तुलसीराम सारस्वत ने कहा कि ग्रामीणों को मजबूरन1000 रुपए टैंकर के देकर पानी डलवाना पड़ता है पशुओं के लिए भी पीने का पानी का बहुत बड़ा संकट है एडवोकेट शिव भगवान सारस्वत ने कहा कि कांग्रेस विधायक कांग्रेस सांसद केवल जीत के चले जाते हैं उनको इस महत्वपूर्ण समस्या के बारे में अनेकों बार अवगत करवा चुके हैं लेकिन किसी तरह की कोई सुनवाई नहीं हो रही है इस अवसर पर मेघवाल समाज के तहसील अध्यक्ष कालूराम मेघवाल, भीम आर्मी सेना के अध्यक्ष श्रवण बारूपाल, कालूराम नाई, मनोज सारस्वत, राजू सारस्वत , तोलाराम जाट, शिव भगवान शर्मा, राजूराम मेघवाल सहित सैकड़ों ग्रामीण और किसान मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नई टंकी से जलापूर्ति शुरू कर बिनादेसर की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

You might also like