निःसंतान दंपत्तियों के लिए नि:शुल्क परामर्श शिविर आयोजित
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । स्थानीय नवदीप हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, लाडनूं में निःसंतान दंपत्तियों के लिए नि:शुल्क परामर्श एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रभर से आए दंपत्तियों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार शिविर में कुल 73 पंजीकरण हुए, जिनमें से 58 मरीजों का परीक्षण एवं परामर्श विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य निःसंतानता से संबंधित समस्याओं के कारणों, जांच एवं आधुनिक उपचार पद्धतियों के बारे में सही जानकारी प्रदान करना रहा। शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमन गालवा, डॉ. मोहिनी प्रजापत, डॉ. हीना सोनी एवं डॉ. नवज्योति चारण ने सेवाएं प्रदान करते हुए दंपत्तियों को निःसंतानता के विभिन्न कारणों, आवश्यक जांचों एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। चिकित्सकों ने बताया कि बदलती जीवनशैली, मानसिक तनाव, हार्मोनल असंतुलन, विवाह में विलंब, अनियमित खानपान एवं जागरूकता की कमी जैसी समस्याएं निःसंतानता के प्रमुख कारण बन रही हैं। अस्पताल निदेशक डॉ. नवदीप सिंह चारण ने बताया कि ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने तथा लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।