जिला कलेक्टर की रात्रि चौपाल आयोजित कराने की मांग, उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

प्रदीप कुमार सैनी 

दांतारामगढ़ (नवयत्न)  ।   नगरपालिका दांता क्षेत्र में व्याप्त जनसमस्याओं एवं प्रशासनिक अव्यवस्थाओं के समाधान के लिए ग्रामीणों और नगरवासियों ने जिला कलेक्टर की रात्रि चौपाल (जनसुनवाई) आयोजित कराने की मांग उठाई है। इस संबंध में दांतारामगढ़ की उपखंड अधिकारी मोनिका सामोर को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में बताया गया कि नगरपालिका दांता के विभिन्न वार्डों में नियमित साफ-सफाई नहीं होने से जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं तथा नालियां अवरुद्ध पड़ी हैं। इससे क्षेत्र में गंदगी बढ़ने के साथ-साथ मौसमी बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है। इसके अलावा भीषण गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। नागरिकों ने आरोप लगाया कि पानी की आपूर्ति अनियमित एवं कई स्थानों पर दूषित हो रही है, जिससे लोगों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि नगरपालिका के प्रशासनिक कार्यों, पट्टे जारी करने की प्रक्रिया तथा विकास कार्यों में पारदर्शिता का अभाव है। आम नागरिकों को अपने वैध कार्यों के लिए भी बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

नगरवासियों ने मांग की कि क्षेत्र की समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए जिला कलेक्टर की विशेष रात्रि चौपाल शीघ्र आयोजित करवाई जाए, जिसमें सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहें और मौके पर ही समस्याओं का निस्तारण किया जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं दांता नगरवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा।

You might also like