सीआरपीएफ जवान दिनेश कुमार महण को नम आंखों से दी अंतिम विदाई

अनंतनाग में तैनात थे हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार महण

ओमप्रकाश

 नवलगढ़ (नवयत्न)। उपखंड क्षेत्र के बलवंतपुरा-चेलासी गांव निवासी सीआरपीएफ हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार महण का निधन होने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। देश सेवा में समर्पित जवान की पार्थिव देह जैसे ही गांव पहुंची, माहौल गमगीन हो गया। अंतिम दर्शन के दौरान पत्नी बेसुध हो गईं, वहीं परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो उठीं।सीआरपीएफ में हेड कांस्टेबल पद पर कार्यरत दिनेश कुमार महण की ड्यूटी अनंतनाग में थी। हाल ही में उनका तबादला विशाखापत्तनम हुआ था।

उनके निधन की सूचना मिलते ही नवलगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक छा गया। वीर जवान को अंतिम विदाई देने के लिए नवलगढ़ से तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। “भारत माता की जय” और “वीर जवान अमर रहे” के नारों के बीच तिरंगे में लिपटी पार्थिव देह को गांव लाया गया। गांव के मुक्तिधाम में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सीआरपीएफ जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी। अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़ ने दिनेश कुमार महण के देश सेवा के जज्बे को नमन किया। इस दौरान विधायक पुत्र रविन्द्र सिंह जाखल, निवर्तमान प्रधान दिनेश सुण्डा, निवर्तमान जिला परिषद सदस्य बीरबल सिंह गोदारा, निवर्तमान पंचायत समिति सदस्य सुभाष लाम्बा, पबाना सरपंच विजेंद्र डोटासरा, नेकीराम पूनियां, दिनेश कड़वासरा सहित कई जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने पुष्प चक्र अर्पित कर श्रदांजलि अर्पित की।

You might also like