प्रेनिका राज चौधरी ने जेईई एडवांस्ड 2026 में हासिल की उल्लेखनीय सफलता

निसं 

कोलीड़ा (नवयत्न)। ग्राम कोलीड़ा की प्रतिभावान छात्रा प्रेनिका राज चौधरी ने जेईई एडवांस्ड 2026 परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल की है। प्रेनिका ने ओबीसी वर्ग में 1990वीं रैंक तथा ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) 8492 प्राप्त कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

 

प्रेनिका ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और अनुशासित दिनचर्या को दिया। उन्होंने बताया कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, इसके लिए निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प आवश्यक है। उनका मानना है कि परीक्षा के दौरान सुबह और शाम के तीन-तीन घंटे के सत्रों में मानसिक दबाव को संभालने की क्षमता सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

 

उन्होंने बताया कि कोचिंग के अतिरिक्त वह प्रतिदिन लगभग आठ घंटे नियमित अध्ययन करती थीं। पिछले दो वर्षों के दौरान उन्होंने किसी भी सामाजिक कार्यक्रम में भाग नहीं लिया और पूरी तरह अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित किया। साथ ही उन्होंने बाहर के फास्ट फूड जैसे पिज्जा, बर्गर, चाउमीन, समोसा और कचौरी आदि से भी दूरी बनाए रखी।

 

प्रेनिका ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने दादा एवं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य मोहर सिंह जाखड़, दादी संतरा देवी, पिता राजकमल जाखड़, जो एक सरकारी विद्यालय में प्रधानाध्यापक हैं, तथा माता कल्पना देवी को दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को धैर्य और लगन के साथ अध्ययन करना चाहिए तथा मोबाइल और सोशल मीडिया से अनावश्यक दूरी बनाकर लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

 

प्रेनिका के जुड़वां भाई प्रांजल राज चौधरी वर्तमान में IIT Kanpur में मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र हैं और प्रथम वर्ष पूर्ण कर चुके हैं। रोचक तथ्य यह है कि प्रांजल और प्रेनिका दोनों के जेईई एडवांस्ड में 137-137 अंक आए। उनकी माता कल्पना देवी ने बताया कि जुड़वां होने के कारण दोनों भाई-बहन हमेशा साथ पढ़ते और एक-दूसरे का सहयोग करते रहे हैं। दोनों के समान अंक आना परिवार के लिए सुखद संयोग है।

 

प्रेनिका की इस उपलब्धि पर ग्रामवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा भविष्य में भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करने की शुभकामनाएं दीं।

You might also like