हिन्दुस्तान जिंक के शिक्षा संबल समर कैंप से 1600 से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित

निसं 

उदयपुर (नवयत्न)। हिन्दुस्तान जिंक द्वारा संचालित शिक्षा संबल कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविरों में इस वर्ष राज्य के छह जिलों के 1600 से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं। इन शिविरों में विद्यार्थियों को विज्ञान, गणित और अंग्रेजी विषयों में दक्ष बनाने के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक, बौद्धिक एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियों के माध्यम से उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

 

शिविर में भाग ले रहे बच्चों के चेहरों पर दिख रही मुस्कान और आत्मविश्वास इस बात का प्रमाण हैं कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ शिक्षकों का अभिभावकों जैसा स्नेह, मार्गदर्शन और घर जैसा वातावरण मिल रहा है। यह अनुभव उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित हो रहा है।

 

हिन्दुस्तान जिंक और विद्या भवन सोसायटी के सहयोग से आयोजित 9वें आवासीय ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का औपचारिक शुभारंभ विद्या भवन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में किया गया। 20 मई से 19 जून 2026 तक आयोजित इस शिविर में 340 से अधिक विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। इनमें कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।

 

इस वर्ष चंदेरिया, दरीबा, देबारी, कायड़, आगूचा और जावर सहित छह स्थानों पर आयोजित गैर-आवासीय शिविरों में लगभग 1200 विद्यार्थी शामिल हैं, जबकि आवासीय शिविरों में विभिन्न क्षेत्रों से आए कक्षा 10वीं के लगभग 240, कक्षा 8वीं के 50 तथा कक्षा 12वीं (विज्ञान संकाय) के 50 विद्यार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

 

समर कैंप में इस बार डिजिटल कक्षाएं, ऑडियो-विजुअल शिक्षण सामग्री, हैंड्स-ऑन गतिविधियां, मिट्टी कला, पॉटरी, वेस्ट मैटेरियल से क्रिएटिव निर्माण और रोबोटिक्स जैसी आधुनिक तकनीकों को भी शामिल किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं नवाचार आधारित शिक्षा मिल सके।

 

करीब एक दशक पहले प्रायोगिक रूप से शुरू किए गए इस आवासीय शिविर की सफलता लगातार बढ़ती छात्र संख्या से स्पष्ट होती है। शिक्षा संबल कार्यक्रम के माध्यम से हिन्दुस्तान जिंक पिछले 20 वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों के उन विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहयोग प्रदान कर रहा है, जिन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की आवश्यकता है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार के साथ-साथ उनके कौशल, व्यवहार, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करना भी है।

 

शिविर के शुभारंभ अवसर पर हिन्दुस्तान जिंक एवं वेदांता की हेड सीएसआर अनुपम निधि, विद्या भवन सोसायटी के अध्यक्ष जितेंद्र तालिया, सीईओ राजेंद्र भट्ट, विद्या भवन शिक्षा संदर्भ केंद्र के प्रभारी सुभाष शर्मा, शिक्षा संबल प्रोजेक्ट लीड रुचिका चावला, अपर्णा व्यास तथा विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने भी अपने अनुभव साझा किए।

 

इसी क्रम में जिंक स्मेल्टर देबारी द्वारा शिक्षा संबल समर कैंप का उद्घाटन पीएम श्री राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, साकरोदा में किया गया, जिसमें 200 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में अतिथियों और विद्यालय प्रधानाचार्यों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए समर कैंप को सीखने की क्षमता बढ़ाने, आत्मविश्वास विकसित करने और समग्र व्यक्तित्व निर्माण का प्रभावी माध्यम बताया।

 

शिक्षा संबल कार्यक्रम के तहत हिन्दुस्तान जिंक सरकारी विद्यालयों में विज्ञान, गणित और अंग्रेजी विषयों की शिक्षा उपलब्ध करा रहा है, विशेष रूप से उन विद्यालयों में जहां विषय अध्यापकों के पद रिक्त हैं। इसके साथ ही आवासीय प्रशिक्षण शिविरों में कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा रोचक और प्रभावी तरीकों से अध्ययन कराया जा रहा है, ताकि वे इन विषयों की बेहतर समझ विकसित कर सकें और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।

You might also like