छोटी ट्रेन, बड़ी उम्मीद—झुंझुनू में वंदे भारत को लेकर उमड़ा जनसमर्थन

संजय सोनी

झुंझुनू (नवयत्न)। शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति द्वारा बुधवार अपरान्ह रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस टॉय ट्रेन चलाई गई। पटरी पर दौड़ती हूबहू वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को देखकर यात्रियों ने ताली बजाई और उत्साहपूर्वक स्वागत किया। बड़ी संख्या में लोग इस अनोखे प्रदर्शन को देखने पहुंचे। लोगों का कहना था कि जब मांग इतनी मजबूती से उठ रही है तो जल्द ही झुंझुनूं में असली वंदे भारत ट्रेन भी चलेगी।

इस दौरान नई रेल सेवाओं के संचालन एवं यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी की मांग को लेकर स्टेशन प्रबंधक संजीव कुमार को रेलमंत्री के नाम 12 सूत्री मांग पत्र सौंपा गया।

शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर समिति के डॉ. मनोज सिंह, गणेश कुमार हलवाई, अनवर हुसैन, फैयाज अहमद खान, चन्द्रप्रकाश धूपिया, श्रवण कुमार गोयनका, संजय बिलोटिया, सीए लोकेश अग्रवाल, कमल डालमिया, बाबू भाई अली हसन परवेज, इमरान बड़गूजर, मोहम्मद मोहसिन अली, सुरेन्द्र अग्रवाल, मांगीलाल सेन, शिवचरण पुरोहित, अनिल शर्मा, विनोद खन्ना, मनीष बगडिया, रवि तुलस्यान, जाकीर अब्बासी, इकबाल खान, राजेश अग्रवाल, अभिषेक मुरारका, शारिक अहमद खान, बॉबी पुरोहित सहित कई लोग मौजूद रहे।

अग्रवाल ने बताया कि मांग पत्र में जयपुर-हरिद्वार-जयपुर वाया रींगस, सीकर, झुंझुनूं, लोहारू, दिल्ली मार्ग से प्रतिदिन वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने, दूरंतो एक्सप्रेस का स्टॉपेज सूरत व बोरीवली में करने तथा इस गाड़ी में 5 डिब्बे सेकंड स्लीपर क्लास के जोड़ने, बांद्रा-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को प्रतिदिन करने और इसका विस्तार लोहारू तक करने सहित कुल 12 मांगों को शामिल किया गया है।

समिति की कार्यकारिणी का विस्तार किया

स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में समिति के महासचिव डॉ. मनोज सिंह ने मांगीलाल सेन को नगर मंडल प्रवक्ता, मनीष बगडिया को कोषाध्यक्ष तथा भजन गायक रवि तुलस्यान एवं गीत गायक जाकीर अब्बासी को समिति के सांस्कृतिक मंडल में मनोनीत किया। नव नियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया गया।

You might also like