श्रीराम कॉलोनी में पेयजल संकट को लेकर कॉलोनीवासियों ने सौंपा ज्ञापन
श्रवण सारस्वत
रींगस (नवयत्न)। खाटूश्यामजी रोड पर स्थित श्रीराम कॉलोनी में लंबे समय से व्याप्त पेयजल संकट से परेशान कॉलोनीवासियों ने बुधवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि श्रीराम कॉलोनी एक विकसित आवासीय क्षेत्र है, जहां लगभग 60 परिवार निवास करते हैं। पिछले दो वर्षों से कॉलोनीवासी पेयजल की गंभीर समस्या का सामना कर रहे हैं। कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराने और अनुरोध करने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि विभाग की ओर से बार-बार आश्वासन दिया जाता रहा है कि खाटू श्याम जी रोड पर स्थित श्रीराम कॉलोनी की पेयजल लाइन को मुख्य लाइन से जोड़कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, लेकिन लंबे समय से केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। भीषण गर्मी के इस दौर में पानी की कमी के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से कॉलोनीवासियों ने मांग की कि लगभग 800 मीटर क्षेत्र में नई पाइपलाइन बिछाकर कॉलोनी में नियमित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
इस अवसर पर पोखर महला, मनोज शर्मा, सतीश चंद्र मिश्रा, पिंटू दयाल शर्मा, फूलचंद कुमावत, हरफूल सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, पप्पू महला, नरेश शर्मा, झाबरमल, बंशीधर, योगेंद्र, गोविंद, कैलाशचंद,जुगल सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद सहायक अभियंता ने कॉलोनीवासियों को आश्वस्त किया कि विभाग द्वारा समस्या का गंभीरता से संज्ञान लिया गया है तथा जल्द ही आवश्यक कार्रवाई कर पेयजल संकट का समाधान किया जाएगा।
कॉलोनीवासियों ने उम्मीद जताई कि विभाग शीघ्र सकारात्मक कदम उठाकर क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान करेगा, जिससे लोगों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।