राजस्व कर्मचारियों ने कुचामन सिटी तहसीलदार के स्थानांतरण पर पुनर्विचार की मांग
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी कस्बे में राजस्थान तहसीलदार सेवा परिषद ने कुचामन सिटी के तहसीलदार के स्थानांतरण आदेश पर पुनर्विचार की मांग की है । इस दौरान एसडीएम सुनील चौहान को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। तहसीलदार सेवा परिषद ने कहा कि संयुक्त शासन सचिव (राजस्व) द्वारा जारी आदेश के तहत कल्याण ईनाणिया का स्थानांतरण कुचामन सिटी से गांधेली कला, जिला बांसवाड़ा किया गया है, जबकि इस संबंध में निष्पक्ष जांच के बिना इतनी जल्दबाजी में लिया गया निर्णय उचित नहीं है।
वर्तमान में जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य चल रहे हैं और ऐसे समय में लोकसेवकों का स्थानांतरण प्रशासनिक कार्यों को प्रभावित कर सकता है। परिषद का कहना है कि तहसीलदार सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए बिना पर्याप्त कारण और निष्पक्ष समीक्षा के किए गए स्थानांतरण से कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित होता है।
परिषद ने यह भी उल्लेख किया कि पूर्व में जारी तहसीलदारों के पदस्थापन आदेशों की प्रतीक्षा में कई अधिकारी लंबे समय से कार्यरत हैं। ऐसे में अचानक किए गए स्थानांतरण प्रशासनिक पारदर्शिता और स्थिरता पर सवाल खड़े करते हैं।
राजस्थान तहसीलदार सेवा परिषद ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि स्थानांतरण आदेश के कारणों की निष्पक्ष समीक्षा कर पुनर्विचार किया जाए। साथ ही परिषद ने प्रशासनिक निष्पक्षता बनाए रखने और लोकसेवकों को प्रोत्साहित करने वाली पारदर्शी स्थानांतरण नीति लागू करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया है।
इस ज्ञापन की प्रतिलिपि राजस्व एवं उपनिवेशन मंत्री, मुख्य सचिव, राजस्व मंडल अध्यक्ष, प्रमुख सचिव राजस्व विभाग तथा निदेशक राजस्व मंडल को भी भेजी गई है। इस मौके पर तहसीलदार सुनील कुमार, नायब तहसीलदार सुखदेव, विजेश, अमित कुमार, सुरेंद्र सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।