मनरेगा मस्टरोल जारी करने की एवज में रिश्वत लेते कनिष्ठ सहायक गिरफ्तार

डी. के. सैनी

जयपुर (नवयत्न)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की धौलपुर चौकी टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत रतनपुर पंचायत समिति बसेड़ी (धौलपुर) के कनिष्ठ सहायक रमेश कुमार को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी मनरेगा योजना में मस्टरोल जारी करने के बदले परिवादी से रिश्वत मांग रहा था।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी धौलपुर को शिकायत मिली थी कि ग्राम पंचायत रतनपुर में मनरेगा योजना के तहत मस्टरोल जारी करने की एवज में कनिष्ठ सहायक रमेश कुमार परिवादी से 26 हजार रुपए की रिश्वत मांग कर परेशान कर रहा है। शिकायत का 1 जून 2026 को गोपनीय सत्यापन कराया गया। जिसमें आरोपित कनिष्ठ सहायक द्वारा 25 हजार रुपए रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी भरतपुर रेंज के उपमहानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में एसीबी धौलपुर चौकी के पुलिस उप अधीक्षक ज्ञानचंद के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के दौरान आरोपित कनिष्ठ सहायक रमेश कुमार को 25 हजार रुपए की रिश्वत राशि लेते गिरफ्तार किया गया। रिश्वत की रकम आरोपी की पैंट की जेब से बरामद की गई।

You might also like