विश्व पर्यावरण दिवस पर अणुव्रत समिति ने चलाया जनजागरण अभियान

गजेंद्र सिंह

सरदारशहर (नवयत्न)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अणुव्रत समिति, सरदारशहर द्वारा शाकम्भरी विद्यापीठ, सिलामपुरिया कुएं के पास विभिन्न पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं सहित आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।

 

कार्यक्रम के तहत पौधारोपण किया गया तथा लोगों को पौधों का वितरण किया गया। साथ ही पर्यावरण हितैषी जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इको-फ्रेंडली कैरी बैग भी वितरित किए गए। पक्षियों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए परिंडे और पक्षी घर स्थापित किए गए, ताकि भीषण गर्मी के दौरान पक्षियों को पानी एवं सुरक्षित आश्रय उपलब्ध हो सके।

 

इस अवसर पर आयोजित संवाद सत्र में वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण, जल बचत, प्लास्टिक मुक्त जीवन तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता जैसे विषयों पर विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।

 

ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए समिति ने नागरिकों से दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक एसी बंद रखने का आह्वान किया। इस पहल का उद्देश्य ऊर्जा की बचत के साथ पर्यावरण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देना रहा।

 

अणुव्रत समिति की अध्यक्ष सुमन भंसाली ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सतत दायित्व है। उन्होंने अधिकाधिक वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर पुष्पा शर्मा, सुरेंद्र दूगड़, सरोज कंवर, विमल जम्मड़, अनिल श्यामसुखा, दिव्या गौड़, आलोक सिंह, शोभा चारण, रायचंद, भूमि श्यामसुखा एवं ऋषिराज सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य भरत गौड़ ने किया।

You might also like